#क्राइम #राज्य-शहर

पत्नी को लेने गया युवक, जंगल में पेड़ से लटके मिले नवदंपती के शव; गर्भवती थी पत्नी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

उत्तराखंड में नवदंपती के शव मिलने से सनसनी, जांच की मांग

अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना अंतर्गत गांव प्यारी बास शेखपुर में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब उत्तराखंड के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले नवविवाहित दंपती के शव शनिवार को गांव पहुंचे। करीब छह महीने पहले विवाह बंधन में बंधे सतविंदर सिंह और उनकी पत्नी अमनदीप कौर के शव पेड़ से लटके मिले। मृतका गर्भवती थी, जिससे घटना ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सतविंदर सिंह का विवाह इसी वर्ष जनवरी में उत्तराखंड के प्रेमनगर निवासी अमनदीप कौर से हुआ था। कुछ दिन पहले अमनदीप अपने मायके गई हुई थी। 15 जुलाई को सतविंदर पत्नी को लेने उत्तराखंड पहुंचा। अगले दिन 16 जुलाई को दोनों मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे। इसी दौरान युवक ने अपने पिता मगर सिंह से पेटीएम के जरिए 3000 रुपये भी डलवाए थे, क्योंकि उसका मोबाइल खराब था।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, राहुल-खरगे ने पीएम मोदी से मांगी स्वतंत्र जांच

देर शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 17 जुलाई को प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क किनारे एक बाइक संदिग्ध हालत में मिली, जिसमें चाबी लगी थी और महिला का बैग टंगा हुआ था। सूचना पर पुलिस ने आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया, जहां देर रात करीब एक बजे एक पेड़ से दोनों के शव लटके हुए मिले। युवक का शव पत्नी के दुपट्टे से और युवती का शव युवक की पगड़ी से लटका मिला। मौके पर दोनों के मोबाइल भी टूटे हुए पाए गए।

शनिवार को दोनों शव नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए, जहां पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में दोनों शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक सतविंदर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। वहीं अमनदीप के गर्भवती होने से परिवार में खुशियों का माहौल था, जो इस दर्दनाक घटना से मातम में बदल गया। परिजनों ने मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

https://x.com/stvnewsonline

https://www.facebook.com/StvNews2006

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *