#देश दुनिया #राज्य-शहर

किराना दुकान से लाखों का सामान और नकदी चोरी, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

अलवर। आटा वाली गली स्थित किराना दुकान से पिछले 2-3 माह से काजू-बादाम, इलायची सहित कीमती किराना सामान और नकदी चोरी करने के आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रमोद उर्फ टिंकू सैनी पुत्र घनश्याम सैनी, निवासी मीणा-पाड़ी, खास वाला कुआं, पहले दुकान के पास स्थित श्री ट्रेडर्स फर्म में नौकरी करता था। पूछताछ में आरोपी ने दुकान में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उससे चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारी दिनेश मीणा ने बताया कि साउथ वेस्ट ब्लॉक निवासी अमित जसौरिया ने 13 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आटा वाली गली में उनकी जसौरिया एंड ब्रदर्स के नाम से किराना दुकान है। दुकान से पिछले 2-3 माह से इलायची, काजू, बादाम सहित अन्य कीमती किराना सामान और नकदी लगातार गायब हो रही थी। 7 अगस्त को भी दुकान से इलायची, काजू और बादाम चोरी हुए थे। इसके बाद दुकानदार ने दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।

दुकानदार के अनुसार 10 अगस्त को दुकान बंद करने के बाद रात करीब 11 बजे घर पहुंचकर उन्होंने कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में प्रमोद उर्फ टिंकू दुकान से सामान चोरी करता हुआ नजर आया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक करीब 10 लाख रुपए कीमत के काजू-बादाम और अन्य किराना सामान, करीब 2 लाख रुपए नकदी तथा मोबाइल चोरी कर चुका है।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध प्रमोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। चोरी की वारदात स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से चोरी की रकम और सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *