#पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

बहरोड़ में 192.94 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास-उद्घाटन, जनसुनवाई में त्वरित समाधान के निर्देश

सोमवार को बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा नेता डॉ. मोहित जसवंत यादव ने भाग लेकर विकास कार्यों को नई गति दी। उनके मुख्य आतिथ्य में कुल 192.94 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बर्डोद गांव से हुई, जहां राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय के नए भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। 46.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन से क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव की अनुशंसा से रा.उ.मा.वि. बर्डोद की चारदीवारी के लिए 2 लाख रुपये तथा बंजारा बस्ती में ग्रेवल सड़क निर्माण की घोषणा की गई।

इसके बाद जैनपुरवास में समशा योजना के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 52.72 लाख रुपये की लागत से बने विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और पेयजल कार्यों का उद्घाटन किया गया। वहीं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 3.72 लाख रुपये की लागत से निर्मित शौचालय का भी लोकार्पण किया गया।

डॉ. मोहित ने जैनपुरवास से मैना की ढाणी होते हुए मोहम्मदपुर तक 80 लाख रुपये की लागत से बनी पीडब्ल्यूडी सड़क तथा चौपाल से मेन बाजार होते हुए गोरधन सरपंच के घर तक 10 लाख रुपये की इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन भी किया।

इसके अतिरिक्त रा.बा.उ.मा.वि. जैनपुरवास में रसोईघर निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा की गई। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए क्रिकेट किट और वॉलीबॉल नेट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

अपने संबोधन में डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा कि बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। शिक्षा, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाकर हर गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद विधायक कार्यालय, नारनौल रोड बहरोड़ पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा पीपली स्थित श्री शिव शंकर मंदिर में आयोजित भंडारे में भी उन्होंने भाग लिया और विधायक की अनुशंसा पर गांव में विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की, जिसका उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।

इन सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *