भिवाड़ी में अज्ञात वाहन की टक्कर से 6 वर्षीय बालक गंभीर घायल, जयपुर रेफर
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित साथलका रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक 6 वर्षीय बालक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल बालक को तुरंत भिवाड़ी के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया। सिर में गंभीर चोट होने के चलते जिला अस्पताल से भी उसे जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बालक सत्यम के माता-पिता मजदूरी के लिए कंपनी गए हुए थे। घर पर सत्यम अपनी दो बहनों के साथ था। इसी दौरान वह अचानक घर से बाहर सड़क पर चला गया, जहां अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
बालक के पिता ने बताया कि सत्यम आमतौर पर घर से बाहर नहीं जाता था, लेकिन हादसे वाले दिन वह अचानक बाहर निकल गया। सत्यम परिवार में सबसे छोटा है और उससे पहले उसकी चार बड़ी बहनें हैं।
फिलहाल सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जयपुर में जारी है।