यूआईटी की जमीन को निजी बताकर 35.50 लाख लेने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर अलवर में FIR दर्ज
अलवर शहर में जमीन सौदे से जुड़ी कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अरावली विहार थाना क्षेत्र में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यूआईटी द्वारा अधिग्रहित जमीन को निजी संपत्ति बताकर करोड़ों रुपये का सौदा किया गया और उससे 35.50 लाख रुपये ले लिए गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
4 करोड़ 11 लाख में जमीन सौदे का दावा
शिकायतकर्ता मोहित बीमरोट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि ब्रजमोहन सैनी ने हनुमान सर्किल के पास मूगस्का क्षेत्र में स्थित करीब 2.49 हेक्टेयर जमीन को अपनी बताते हुए उसका सौदा 4 करोड़ 11 लाख रुपये में तय किया था। आरोप है कि आरोपी ने भरोसा दिलाया कि जमीन के मूल खातेदारों से उसका समझौता हो चुका है और संपत्ति पर किसी तरह का विवाद या कानूनी अड़चन नहीं है। इसके साथ ही 31 जुलाई 2025 तक रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया था।
किस्तों में भुगतान करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, जमीन खरीदने के लिए मोहित बीमरोट ने आरोपी को अलग-अलग माध्यमों से कुल 35 लाख 50 हजार रुपये का भुगतान किया। इसमें 25 लाख रुपये और 8.50 लाख रुपये के चेक, 99 हजार रुपये और 50 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से तथा 1.01 लाख रुपये नकद दिए जाने का दावा किया गया है। दोनों पक्षों के बीच स्टांप पेपर पर इकरारनामा होने और भुगतान की रसीद दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
रजिस्ट्री नहीं होने पर सामने आई अधिग्रहण की जानकारी
शिकायतकर्ता का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी आरोपी रजिस्ट्री कराने से बचता रहा। इसके बाद जानकारी जुटाने पर पता चला कि संबंधित जमीन को नगर विकास न्यास (UIT) अलवर पहले ही अधिग्रहित कर चुका है। आरोप है कि जमीन की वास्तविक स्थिति छिपाकर सौदा किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन के संबंध में जानकारी होने के बावजूद यह तथ्य उससे छिपाया गया और उससे राशि ले ली गई।
आरोपी ने कहा- पैसे लौटाने की प्रक्रिया जारी
वहीं, आरोपी ब्रजमोहन सैनी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कहा कि उसने कुछ राशि वापस कर दी है और बाकी रकम भी लौटाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि जमीन का सौदा हुआ था, लेकिन संबंधित जमीन उनके किसी परिचित की थी। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
अरावली विहार थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े दस्तावेजों, जमीन के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के बयानों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – अलवर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल