एक सीट पर सियासी संग्राम! हनुमान बेनीवाल की BJP को खुली चेतावनी, बोले- 'मेरा एक ले गए.....
राजस्थान के पंचायत चुनाव में चित्तौड़गढ़ की एक सीट ने प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। यहां पंचायत समिति की प्रधान की कुर्सी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला अब सीधे आरएलपी और हनुमान बेनीवाल तक पहुंच गया है। मामला इतना गरमा गया है कि नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी को खुली चुनौती देते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

मुख्य बातें
- चित्तौड़गढ़ में प्रधान चुनाव से पहले सियासी घमासान, बेनीवाल की चेतावनी
- 14-14 सीटों पर बराबरी, आरएलपी की शंकरी बाई बनीं निर्णायक
- शंकरी बाई के बीजेपी समर्थन पर विवाद, विधायक आक्या पर आरोप
CHITTORGARH,24 NOV. 2026:
दरअसल, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में से बीजेपी और कांग्रेस ने 14-14 सीटें जीती हैं, जबकि एकमात्र सीट आरएलपी के खाते में गई है। यह सीट जीतने वाली शंकरी बाई भील अब प्रधान चुनाव में निर्णायक भूमिका में आ गई हैं।
विवाद तब शुरू हुआ, जब भीलवाड़ा जिले के गंगापुर क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के साथ शंकरी बाई भील और उनके पति रतनलाल भील से मुलाकात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थक शंकरी बाई को पार्टी की व्यवस्था से अपने साथ ले गए। इसके बाद कांग्रेस और आरएलपी ने दबाव और जबरन ले जाने के आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए।
हालांकि, शंकरी बाई और उनके पति ने वीडियो जारी कर इन आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि बीजेपी को समर्थन देने का फैसला उन्होंने अपनी मर्जी से लिया है और इसके पीछे वार्ड के विकास की प्राथमिकता है।
इस पूरे घटनाक्रम पर आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा— 'मेरा एक ले गए हैं, मैं जबरन घुस गया तो पांच ले जाऊंगा।' उनके इस बयान के बाद सियासी टकराव और तेज हो गया है। आरएलपी ने चित्तौड़गढ़ में विरोध-प्रदर्शन का ऐलान करते हुए पूरे मामले पर जवाब मांगा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शंकरी बाई ने वाकई अपनी मर्जी से बीजेपी का समर्थन करने का फैसला लिया है, या फिर इस पूरे घटनाक्रम में किसी तरह का राजनीतिक दबाव था? सीसीटीवी फुटेज मुलाकात की क्या तस्वीर दिखाता है? विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की भूमिका पर उठ रहे सवालों का जवाब क्या है? और क्या बेनीवाल की चेतावनी प्रधान चुनाव से पहले चित्तौड़गढ़ का सियासी समीकरण बदल पाएगी?
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





