राजस्थान निकाय चुनाव: चिड़ावा में बुर्का-घूंघट हटाकर फोटो लेने पर विवाद, फर्जी वोटिंग के आरोप में महिला थाने पहुंची
खबर का सारांश
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर हंगामा हुआ। वार्ड 18 के बूथ पर फर्जी मतदान की शिकायत के बाद पुलिस एक महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहीं, वार्ड 15 में महिला मतदाताओं के बुर्के और घूंघट हटाकर फोटो लेने के आरोप पर विवाद हो गया। लोगों ने प्रशासन की ओर से तैनात कैमरामैन की फोटोग्राफी पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कैमरामैन को मौके से हटाया और उसका मेमोरी कार्ड अपने कब्जे में लिया।
वार्ड 18 में फर्जी मतदान की शिकायत पर हंगामा
चिड़ावा के स्टेशन के पास वार्ड 18 के मतदान केंद्र पर दोपहर करीब 12 बजे फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई। शिकायत के बाद मतदान केंद्र के आसपास विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पूछताछ के बाद पुलिस एक महिला को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, फर्जी मतदान का आरोप सही है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
वार्ड 15 में बुर्का-घूंघट हटाकर फोटो लेने का आरोप
चिड़ावा के वार्ड 15 में महिला मतदाताओं की फोटो लेने को लेकर विवाद हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मतदान केंद्र पर तैनात कैमरामैन महिलाओं के बुर्के और घूंघट हटाकर तस्वीरें ले रहा था। इसे लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और हंगामे की स्थिति बन गई। लोगों ने प्रशासन से फोटोग्राफी की प्रक्रिया को लेकर सवाल किए। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
पुलिस ने कैमरामैन का मेमोरी कार्ड लिया
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कैमरामैन को मौके से अलग किया। इसके साथ ही उसका मेमोरी कार्ड अपने कब्जे में ले लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रत्याशी शीशराम सैनी बिल्लू और सुरेश भूकर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों से बातचीत की। समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। बाद में कैमरामैन का मेमोरी कार्ड वापस दिलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इससे पहले भी फोटोग्राफी को लेकर कहासुनी हुई थी।
सिंघाना में भी फर्जी मतदान के आरोप
झुंझुनूं की सिंघाना नगर पालिका के वार्ड 5 और 6 में भी फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हुआ। वार्ड 5 में कथित तौर पर फर्जी मतदान करने पहुंचे एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर चली गई। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने कार्रवाई का विरोध किया। सूचना मिलने पर सीआई सुगन सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया।
झुंझुनूं की 10 नगर पालिकाओं में मतदान जारी
चिड़ावा समेत झुंझुनूं जिले की 10 नगर पालिकाओं में मतदान जारी रहा। दोपहर 1 बजे तक बुहाना में सबसे अधिक 67.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, मंडावा में सबसे कम 51.11 प्रतिशत वोटिंग हुई। चिड़ावा में भी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के बीच मतदाताओं ने वोट डाले। प्रशासन की ओर से संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए हैं।