नागौर दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सुबह-सुबह ग्रामीणों के बीच पहुंचे; मौके पर सुनीं समस्याएं और दिए समाधान के निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर जिले के डेगाना उपखंड स्थित तिलानेश ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने खेतों में काम कर रही महिलाओं से बातचीत की, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
खेतों में पहुंचकर महिलाओं से जाना खेती का हाल
ग्राम विकास चौपाल के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार सुबह तिलानेश गांव का भ्रमण करने निकले। इस दौरान वे खेतों में निराई कर रही महिलाओं के बीच पहुंचे और खेती-किसानी, श्रम और ग्रामीण जीवन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि गांव में आपसी सहयोग की परंपरा के तहत सभी मिलकर एक-दूसरे के खेतों में काम करती हैं, जिससे खेती का काम समय पर पूरा हो जाता है। मुख्यमंत्री ने इस सामूहिक कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण सामाजिक एकता और सहयोग का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
महिला की शिकायत पर मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
गांव के भ्रमण के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री को घर के सामने गंदा पानी जमा होने की समस्या बताई। महिला ने कहा कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात के दिनों में परेशानी बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से समस्या की जानकारी ली और मौके पर ही जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से तत्काल संज्ञान लेने पर ग्रामीणों ने संतोष जताया।
बुजुर्ग की बात सुन भावुक हुए मुख्यमंत्री
भ्रमण के दौरान एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी पारिवारिक स्थिति साझा की। उन्होंने बताया कि पत्नी और बेटे के निधन के बाद वे अकेले रह गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्ग को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले और किसी प्रकार की असुविधा न हो। बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने आत्मीय अंदाज में कहा, “हम तो आपके कबूतर हैं।” इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं आपके दर्शन करने आया हूं।” इस संवाद ने वहां मौजूद ग्रामीणों के बीच आत्मीय माहौल बना दिया।
ये भी पढ़ें – अलवर में अवैध शराब का विरोध करना पड़ा भारी, पति-पत्नी पर सरियों से हमला; महिला का हाथ टूटा
शहीद मोडाराम खटकड़ के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम पंचायत तिलानेश में 1965 के भारत-पाक युद्ध के वीर शहीद ग्रेनेडियर मोडाराम खटकड़ के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उनके साथ भोजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का गौरव पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
गोटन रेलवे स्टेशन से जुड़े प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से
इससे पहले मुख्यमंत्री नागौर के गोटन रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को आठ नए अमृत रेलवे स्टेशनों की सौगात मिली है, जो प्रदेश में बेहतर रेल सुविधाओं और विकास को नई गति देंगे।
ग्राम विकास चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम आयोजित ग्राम विकास चौपाल में भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। तिलानेश गांव में रात्रि विश्राम और सुबह के जनसंवाद को ग्रामीणों से सीधे जुड़ने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
https://www.facebook.com/StvNews2006