बूंदी में पंचायत चुनाव ड्यूटी पर तैनात शिक्षक की संदिग्ध मौत, रात को मतदान दल के साथ सोए थे
राजस्थान के बूंदी जिले में पंचायत चुनाव की ड्यूटी पर तैनात शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हिंडोली क्षेत्र के खींया मतदान केंद्र पर पोलिंग अधिकारी के रूप में तैनात बबलू कुमार गोचर रात को मतदान दल के साथ सोए थे। सुबह साथी कर्मचारियों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।

मुख्य बातें
- रात को मतदान दल के साथ सोए शिक्षक, सुबह नहीं उठे; बूंदी में संदिग्ध मौत
- पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षक की मौत, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया अस्पताल
- बूंदी के मतदान केंद्र पर दर्दनाक घटना, पोलिंग अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सुबह जगाने पर नहीं उठे पोलिंग अधिकारी
जानकारी के अनुसार, शिक्षक बबलू कुमार गोचर पंचायत चुनाव के लिए खींया मतदान केंद्र पर तैनात थे। यह मतदान केंद्र बसोली थाना क्षेत्र में आता है।रात को वे मतदान दल के अन्य सदस्यों के साथ सोए थे। सुबह साथी कर्मचारियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।बताया गया कि शाम को सोने की तैयारी के दौरान बबलू ने चक्कर आने की शिकायत की थी। हालांकि, उन्होंने उस समय मेडिकल सहायता नहीं मांगी थी।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जिला अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराया गया। इसके जरिए बबलू कुमार गोचर को तेजी से बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शिक्षक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए बूंदी जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। कोतवाली और सदर थाने का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत भी अस्पताल पहुंचे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह, बूंदी एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा और तहसीलदार ने भी घटनाक्रम की जानकारी ली।अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से बातचीत की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत ने बताया कि बबलू कुमार गोचर की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया गया।उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार मेडिकल टीम से कार्रवाई करवाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी मामले की जानकारी दी गई है।वहीं, बूंदी एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि शाम को मतदान दल के सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे। उस समय बबलू की तबीयत ठीक बताई गई थी। उन्होंने चक्कर आने की बात जरूर कही थी।सुबह उनके बेहोश होने की सूचना मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
तीन साल पहले शिक्षक बने थे बबलू कुमार
जिला अस्पताल में मौजूद परिजनों के अनुसार, बबलू कुमार गोचर करीब तीन साल पहले शारीरिक शिक्षक (PTI) के रूप में राजकीय सेवा में आए थे।पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक मौत से परिवार और साथी कर्मचारियों में शोक है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच और जरूरी चिकित्सकीय कार्रवाई की जा रही है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





