STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 12 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बूंदी: घास भैरू की सवारी के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में एक दर्जन से अधिक घायल

बूंदी जिले के देई कस्बे में भाई दूज पर बाबा घास भैरू की सवारी के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने मारपीट और चाकूबाजी का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे भी चले। घटना में एक दर्जन से अधिक लोगों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। विवाद के चलते घास भैरू की सवारी कई घंटे तक रुकी रही। पुलिस ने दो घायलों की रिपोर्ट पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घास भैरू की सवारी में बवाल
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • घास भैरू की सवारी में बवाल, पुरानी रंजिश में दो पक्षों में चाकूबाजी
  • बूंदी के देई में सवारी के दौरान खूनी संघर्ष, एक दर्जन से अधिक घायल
  • भाई दूज पर घास भैरू की सवारी में मारपीट, कई घंटे रुका आयोजन

BUNDI,12 NOV. 2026:

पुरानी रंजिश को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष

देई कस्बे में भाई दूज के अवसर पर बाबा घास भैरू की सवारी निकाली जा रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। शुरुआत युवकों के बीच कहासुनी से हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।देई थाना प्रभारी हनुमान सहाय के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस ने शुरुआत में समझाइश कर दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद सवारी को आगे रवाना करवाया गया। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक हो गया।

चाकूबाजी और मारपीट से मची अफरा-तफरी

दूसरी बार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चाकू और लाठी-डंडों से हमले किए गए। अचानक हुई घटना से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।झगड़े के कारण घास भैरू की सवारी भी आगे नहीं बढ़ सकी। आयोजन कई घंटे तक प्रभावित रहा। घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल बन गया।

महावीर धाकड़ के सिर पर चाकू से वार का आरोप

देई निवासी महावीर धाकड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सवारी के दौरान सात-आठ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से तीन-चार वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।महावीर के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों के साथ भी लाठी-डंडों और लकड़ियों से मारपीट की गई। हमले के दौरान उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

एक दर्जन से अधिक लोगों के चोटिल होने की जानकारी

घटना में बिरजू, रामू मीणा, मुकेश और राममूर्ति सहित कई लोगों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। एक पक्ष ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप लगाए हैं।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोबारा विवाद की आशंका को देखते हुए कस्बे में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।

पार्षदों ने की आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

चाकूबाजी की घटना के बाद महावीर धाकड़ के साथ देई नगरपालिका के पार्षद भी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षदों ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। पुलिस ने देर रात दो घायलों की रिपोर्ट पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस का पक्ष

पुलिस ने देर रात दो घायलों की रिपोर्ट पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।