STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 12 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बूंदी में भाई दूज पर तीन सड़क हादसे, युवती समेत तीन लोगों की मौत; दो घायल

राजस्थान के बूंदी जिले में भाई दूज के दिन तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लाखेरी क्षेत्र में स्कूटी सवार बुआ-भतीजी को दो ट्रैक्टरों के बीच टक्कर के दौरान कुचल दिया गया। उपचार के लिए कोटा ले जाते समय 18 वर्षीय यीशु वर्मा ने दम तोड़ दिया। वहीं, कुंवारती कृषि उपज मंडी में ट्रक से गिरने पर चालक की मौत हो गई। तीसरी घटना में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार उमेश सैनी की जान चली गई।

भाई दूज पर बूंदी में तीन हादसे, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • भाई दूज पर बूंदी में तीन हादसे, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
  • बुआ-भतीजी को ट्रैक्टर ने कुचला, 18 वर्षीय युवती की मौत
  • बूंदी में त्योहार के बाद मातम, अलग-अलग हादसों में तीन की जान गई

BUNDI,12 NOV. 2026:

लाखेरी में स्कूटी सवार बुआ-भतीजी हादसे का शिकार

बूंदी जिले के लाखेरी थाना क्षेत्र में लाखेरी-कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक हादसा हुआ। थाना प्रभारी हरिनारायण शर्मा के अनुसार, आमने-सामने से आ रहे दो ट्रैक्टरों के बीच स्कूटी सवार बुआ-भतीजी चपेट में आ गईं।हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें लाखेरी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कोटा रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में लाल पुलिया बजरंगपुरा निवासी 18 वर्षीय यीशु वर्मा ने दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि दीपावली की छुट्टियां समाप्त होने के बाद बुआ-भतीजी वापस कोटा जा रही थीं। इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गईं।

कुंवारती मंडी में ट्रक से गिरकर चालक की मौत

दूसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र स्थित कुंवारती कृषि उपज मंडी में हुआ। मंडी खुलने के दौरान ट्रक चालक वाहन पर त्रिपाल बांध रहा था। इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।गिरने से चालक के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सहायक उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान उंदालिया की डूंगरी निवासी 40 वर्षीय रमेश गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत

तीसरी दुर्घटना देई थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने हुई। यहां जयपुर से कोटा जा रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान पिपलिया निवासी उमेश सैनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद रोडवेज बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन हादसों से परिवारों में पसरा मातम

भाई दूज का त्योहार मनाकर लौट रहे लोगों के लिए ये हादसे दुखद साबित हुए। जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया। वहीं, दो अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसों के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।