बूंदी: स्टील के गिलास में रखकर फोड़ा सुतली बम, सीने में धंसे टुकड़े; 12 साल के बच्चे की मौत
राजस्थान के बूंदी जिले में गोवर्धन पूजा के दिन पटाखे फोड़ते समय दर्दनाक हादसा हो गया। 12 वर्षीय साजन ने सुतली बम को उल्टे रखे स्टील के गिलास के अंदर रखकर जला दिया। विस्फोट इतना तेज था कि गिलास के नुकीले टुकड़े बच्चे की छाती में धंस गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे।

मुख्य बातें
- स्टील के गिलास में सुतली बम फोड़ना पड़ा भारी, 12 साल के साजन की मौत
- बूंदी में दर्दनाक हादसा, पटाखे के धमाके से सीने में धंसे गिलास के टुकड़े
- सुतली बम के धमाके ने ली मासूम की जान, स्टील का गिलास बना जानलेवा
BUNDI, 10 NOV. 2026:
स्टील के गिलास में रखकर जलाया सुतली बम
पुलिस के अनुसार, हादसा बूंदी सदर थाना क्षेत्र के मंडी रोड पर नानकपुरिया तिराहे के पास हुआ। 12 वर्षीय साजन अपने घर के बाहर अकेले पटाखे फोड़ रहा था।इसी दौरान उसने एक सुतली बम उल्टे रखे स्टील के गिलास के अंदर रख दिया। इसके बाद उसने बम में आग लगा दी। विस्फोट होते ही स्टील का गिलास छोटे-छोटे नुकीले टुकड़ों में बिखर गया।
गिलास के टुकड़े सीने में धंसने से गई जान
सुतली बम का धमाका इतना तेज था कि गिलास के टुकड़े छर्रों की तरह बच्चे की छाती में जा धंसे। साजन गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में वहीं गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।बताया गया कि जिस समय हादसा हुआ, परिवार के बाकी सदस्य घर के अंदर गोवर्धन पूजा की तैयारियों में जुटे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाल एसएचओ रमेश आर्य और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।बूंदी नगर परिषद के सभापति भारत शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।पुलिस ने मंगलवार को घटना की पुष्टि की। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी जांच कर रही है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





