STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 7 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बूंदी में सड़क हादसे में 19 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत, परिवार ने दुख में भी किया नेत्रदान

बूंदी में दिवाली से पहले हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बिशनपुरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय अर्जुन धाकड़ की मौत हो गई। अर्जुन परिवार का इकलौता बेटा था और गांव जाने की तैयारी कर रहा था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने देर रात करीब एक बजे अर्जुन का नेत्रदान करवाया, ताकि उसकी आंखों से दो जरूरतमंद लोगों की दुनिया रोशन हो सके।

19 वर्षीय अर्जुन
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • बूंदी में दिवाली से पहले मातम, सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत
  • 19 साल के अर्जुन की मौत के बाद परिवार ने किया नेत्रदान
  • बेटे को खोने के गम में भी दिखाई मानवता, दो लोगों को मिलेगी रोशनी

BUNDI, 7 NOV. 2026:

अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा

घटना बूंदी के सदर थाना क्षेत्र स्थित बिशनपुरा रोड की है। पुलिस के अनुसार, अर्जुन धाकड़ शुक्रवार देर शाम स्कूटी से गांव जाने के लिए निकला था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।हादसे में अर्जुन के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक लादू सिंह के अनुसार, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बेटे की मौत के बाद भी परिवार ने लिया नेत्रदान का फैसला

अर्जुन की मौत से परिवार गहरे सदमे में था। जवान बेटे को खोने का दर्द असहनीय था। इसके बावजूद परिजनों ने दूसरों की जिंदगी में रोशनी भरने का फैसला किया।समाजसेवी राजेश खोईवाल ने बताया कि शाइन इंडिया बूंदी के कोऑर्डिनेटर इदरीश भाई बोहरा के माध्यम से कोटा से चिकित्सकों की टीम बुलाई गई। डॉ. कुलवंत सिंह सहित टीम देर रात करीब एक बजे जिला चिकित्सालय पहुंची।इसके बाद मोर्चरी रूम में नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई। परिवार के इस फैसले से दुख की घड़ी में भी मानवता और सेवा का संदेश सामने आया।

पढ़ाई में होनहार था अर्जुन

केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि अर्जुन पढ़ाई में होनहार विद्यार्थी था। उसने अपनी पूरी स्कूली शिक्षा बूंदी केंद्रीय विद्यालय से प्राप्त की थी। वर्तमान में वह कॉलेज के प्रथम वर्ष में पढ़ रहा था।अर्जुन के पिता भी केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं। परिवार को बेटे से काफी उम्मीदें थीं। दिवाली पर गांव जाने की तैयारी कर रहा अर्जुन परिवार की खुशियों का केंद्र था। लेकिन सड़क हादसे ने परिवार के सपनों को तोड़ दिया।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।