STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 13 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बारां-कोटा के किसानों को मिलेगी राहत, गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना में 6 नई मोटरें लगाने का काम शुरू

बारां और कोटा जिले के किसानों के लिए गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना में बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। किसानों के प्रदर्शन के बाद विभाग ने मोटरों की क्षमता बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। परियोजना में 125 एचपी की पुरानी मोटरों की जगह 150 एचपी की 6 नई मोटरें लगाई जा रही हैं। शुक्रवार को दो मोटरें स्थापित करने का काम शुरू हुआ। शेष चार मोटरें भी जल्द लगाई जाएंगी। इससे रबी की फसलों के लिए सिंचाई पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

किसानों के प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ काम
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • किसानों के प्रदर्शन का असर, गणेशगंज परियोजना में लगेंगी 6 नई मोटरें
  • बारां-कोटा के 34 गांवों को मिलेगी राहत, बढ़ेगी सिंचाई क्षमता
  • 125 नहीं अब 150 एचपी की मोटरें, किसानों को मिलेगा ज्यादा पानी

BARAN,13 NOV. 2026:

34 गांवों के किसानों को मिलता है सिंचाई का पानी

गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना बारां और कोटा जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके जरिए चंबल की दायीं मुख्य नहर से पानी उठाकर खेतों तक पहुंचाया जाता है। परियोजना से दोनों जिलों के 34 गांवों की करीब 17 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलती है।इस क्षेत्र में किसान मुख्य रूप से सरसों, गेहूं और लहसुन की खेती करते हैं। इन फसलों को शुरुआती दौर में समय पर सिंचाई की जरूरत होती है। ऐसे में मोटरों की क्षमता बढ़ने से किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है।परियोजना से किशनपुरा, बोरदा, मूंडला, शाहपुरा, चैनपुरिया, सीमल्या, केकाखेड़ी, बलवनखेड़ी, अयाना-अयानी, डोरली, प्रेमपुरा, घूमरखेड़ी, मालबमोरी, कूंडला, कुस्या, जलोदातेजाजी, श्रीनाल, श्रीपुरा, चाणदा, रणोदिया, कांकराव और गणेशगंज सहित 34 गांवों को पानी मिलता है।

125 से बढ़कर 150 एचपी होगी मोटरों की क्षमता

परियोजना में पहले 125 एचपी क्षमता की मोटरें लगी हुई थीं। किसानों की जरूरत और पानी की मांग को देखते हुए इनकी क्षमता बढ़ाकर 150 एचपी करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सरकार की ओर से राशि भी मंजूर की गई थी।हालांकि, नई मोटरें समय पर नहीं पहुंचने के कारण विभाग ने बुवाई के दौरान पुरानी मोटरें ही चालू रखीं। कम क्षमता के कारण पर्याप्त पानी लिफ्ट करने में परेशानी आ रही थी। इसका असर विशेष रूप से परियोजना के अंतिम छोर यानी टेल क्षेत्र के खेतों पर पड़ रहा था।

किसानों के प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ काम

मोटरों की कम क्षमता के कारण सिंचाई पानी की समस्या को लेकर किसानों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया था। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखी। किसानों का कहना था कि रबी सीजन में समय पर पानी नहीं मिला तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है।प्रदर्शन के बाद विभाग ने नई मोटरें लगाने का काम तेज किया। शुक्रवार से मोटरें स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

एक सप्ताह बाद लगेंगी शेष चार मोटरें

परियोजना के अधिशासी अभियंता महेंद्र मीणा ने बताया कि 150 एचपी की दो मोटरें पहुंच चुकी हैं। इन्हें लगाने का काम शुरू हो गया है। शेष चार मोटरें भी करीब एक सप्ताह बाद स्थापित की जाएंगी।उन्होंने बताया कि दीपावली के कारण मिस्त्रियों की उपलब्धता नहीं होने से काम में देरी हुई। फिलहाल किसानों को सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। इसलिए इस समय नहर बंद करना किसानों के हित में नहीं होगा। पानी की मांग कम होने के बाद शेष मोटरें लगाने का काम पूरा किया जाएगा।नई मोटरें स्थापित होने के बाद परियोजना की पानी उठाने की क्षमता बढ़ेगी। इससे बारां और कोटा जिले के किसानों को सिंचाई व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।