#क्राइम #राज्य-शहर

बांसवाड़ा में पट्टा फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते वनरक्षक गिरफ्तार, 5 हजार रुपए लेते ACB ने दबोचा

बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने वनरक्षक भूपेश पाटीदार को 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी वन नाका तलवाड़ा और वन रेंज गढ़ी में तैनात था। आरोप है कि उसने वन पट्टे से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मांग का सत्यापन कराया। इसके बाद गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की गई।

पट्टा फाइल आगे भेजने के बदले मांगी रिश्वत

ACB के अनुसार परिवादी वन विभाग के क्षेत्र से बाहर की भूमि पर लंबे समय से कृषि कार्य कर रहा था। इस जमीन से संबंधित पट्टे की प्रक्रिया के लिए वन विभाग की ओर से सत्यापन किया जा रहा था।आरोप है कि सत्यापन के बाद तैयार होने वाली पत्रावली को आगे भेजने के लिए वनरक्षक भूपेश पाटीदार ने रुपए मांगे। परिवादी की शिकायत के बाद ACB ने रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए सत्यापन कराया।

6 हजार की मांग, 5 हजार में हुआ सौदा

सत्यापन के दौरान वनरक्षक ने कथित तौर पर 6 हजार रुपए की मांग की। परिवादी ने रकम कम करने का आग्रह किया। बातचीत के बाद आरोपी 5 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।इसके बाद ACB टीम ने रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी के बाद परिवादी को आरोपी के पास भेजा गया।

5 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में बांसवाड़ा ACB टीम ने कार्रवाई की। पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप किया गया।कार्रवाई के दौरान भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ACB टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई।

घर की तलाशी और आगे की जांच जारी

ACB अधिकारियों के अनुसार आरोपी के निवास की तलाशी भी ली जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आगे की कार्रवाई जारी है।ACB ने आम लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें सामने लाने की अपील की है। शिकायत के लिए ACB की 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन उपलब्ध है। इसके अलावा 94135-02834 नंबर पर WhatsApp के जरिए भी शिकायत की जा सकती है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *