#क्राइम #राज्य-शहर

थानागाजी में तमंचे की नोक पर व्यापारी से 1.60 लाख की लूट ? वारदात से व्यापारियों में आक्रोश

अलवर/थानागाजी

थानागाजी में जयपुर मार्ग पर इलेक्ट्रिक सामान की दुकान करने वाले व्यापारी से तमंचे की नोक पर 1.60 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार थानागाजी के बिहारी सर गांव निवासी देशराज शर्मा थानागाजी में जयपुर मार्ग पर इलेक्ट्रिक सामान की दुकान करते हैं। बुधवार रात करीब सात बजे दुकान बंद करने के बाद वह दिनभर की बिक्री के करीब 1.60 लाख रुपये बैग में लेकर बाइक से अपने गांव बिहारी सर जा रहे थे। इसी दौरान बाइपास मार्ग पर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने देशराज पर तमंचा तान दिया और उनका रुपयों से भरा बैग छीन लिया। अचानक हुई वारदात से घबराए व्यापारी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। शोर सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन पर भी तमंचा तान दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित व्यापारी थानागाजी थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए मामला दर्ज कराया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी महावीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दिनभर दुकान पर आने वाले ग्राहकों और आसपास की गतिविधियों से जुड़े फुटेज को भी जांच में शामिल किया जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।

थानाधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि मामले की तत्परता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *