रामगढ़ में सिख युवक पर जानलेवा हमला, सिख समाज का थाने पर प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में गोविंदगढ़ मोड़ स्थित एक मिठाई की दुकान के बाहर युवक पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को सिख समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित होकर रामगढ़ थाने पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात गगनदीप सिंह पर थार गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और कांच की बोतलों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे गगनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद शनिवार को घायल युवक की मां ने रामगढ़ थाने में कई नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रविवार को बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग थाने पहुंचे और थानाधिकारी अजीत बड़सरा से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
थानाधिकारी अजीत बड़सरा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई और पीड़ित परिवार के समर्थन में अपना एकजुटता दिखाई। इस दौरान थाने परिसर में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।