अलवर में रोजगार का ऐतिहासिक दिन, 2043 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार मेले ने हजारों परिवारों के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत कर दी। इस अवसर पर केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने 2043 चयनित युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। जैसे ही युवाओं के हाथों में जॉइनिंग लेटर पहुंचे, पूरे हॉल में उत्साह और भावनाओं का माहौल बन गया। कई अभ्यर्थियों की आंखें खुशी से भर आईं, जबकि परिजनों ने इस पल को अपने जीवन का सबसे यादगार क्षण बताया।
रिफाइनरी कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान पचपदरा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों ने स्क्रीन पर रिफाइनरी से जुड़े विकास कार्यों को देखा। इस दौरान पूरे आयोजन में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की बड़ी तस्वीर सामने आई, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।
भूपेंद्र यादव ने युवाओं को दी जिम्मेदारी की सीख
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी नौकरी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने भी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा दी।
पचपदरा रिफाइनरी: राजस्थान की औद्योगिक ताकत
पचपदरा में स्थापित यह ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट भारत की सबसे बड़ी आधुनिक औद्योगिक परियोजनाओं में से एक है। लगभग 79,450 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर मानी जा रही है। इससे न केवल ईंधन और पेट्रोकेमिकल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।