#राज्य-शहर #राष्ट्रीय #सोशल #हेल्थ न्यूज़

वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने किया सरिस्का टाइगर रिजर्व का दौरा, सिलीसेढ़ में मगरमच्छों को देखने के लिए बनेगा वॉच टावर

अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने शुक्रवार को सरिस्का टाइगर रिजर्व स्थित फील्ड डायरेक्टर कार्यालय का निरीक्षण कर वन एवं वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वन संरक्षण को मजबूत बनाने और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संजय शर्मा ने सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बारा लिवारी में नए पर्यटन गेट के निर्माण की कार्ययोजना के अनुसार काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन गेट के साथ टिकट खिड़की बनने से पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

वन राज्यमंत्री ने अधिकारियों को वन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बाघों सहित अन्य वन्यजीवों के संरक्षण, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और वन क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद संजय शर्मा ने सिलीसेढ़ झील के पास स्थित क्रोकोडाइल पॉइंट का निरीक्षण किया। यहां मगरमच्छों की बड़ी संख्या को देखते हुए उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उन्हें प्राकृतिक वातावरण में मगरमच्छों को देखने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को उपयुक्त स्थान पर वॉच टावर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वॉच टावर बनने से पर्यटक सुरक्षित तरीके से मगरमच्छों को देख सकेंगे। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं को संरक्षित रखते हुए ईको टूरिज्म को विकसित करने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान सरिस्का टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह कटियार, उप वन संरक्षक अभिमन्यु सहारण सहित वन विभाग के अधिकारी, रेंज अधिकारी और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *