बूंदी में चाकूबाजी के बाद युवक की मौत, कोटा में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बूंदी जिले के कापरेन में कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना कापरेन बायपास पर कोटा-लालसोट मेगा हाईवे के पास हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमलावरों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
कहासुनी के बाद चाकू से हमला
कापरेन थाना प्रभारी राजाराम जाट के अनुसार घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। कापरेन बायपास पर एक टायर पंचर की दुकान के पास कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान कापरेन निवासी 22 वर्षीय पंकज मीणा उर्फ भल्ला पर अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया।हमले में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को कापरेन अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया।
कोटा में उपचार के दौरान मौत
पंकज को इलाज के लिए कोटा ले जाया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कोटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में आपसी कहासुनी के बाद विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि हमले की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
एंबुलेंस देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
घायल पंकज को कापरेन अस्पताल लाने के बाद एंबुलेंस को लेकर भी स्थिति बिगड़ी। अस्पताल प्रशासन की ओर से 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई थी। आरोप है कि करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इससे अस्पताल में मौजूद लोगों में नाराजगी दिखाई दी।इसी दौरान पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। घायल को कोटा रेफर किए जाने के बाद पुलिस टीम ने रात में घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने वारदात के बाद आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।थाना प्रभारी राजाराम जाट के अनुसार अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।