#क्राइम #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ में बालिका लापता, आभूषण और नकदी भी गायब, बरामदगी की मांग को लेकर थाने का घेराव

अलवर। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के रामबास गांव में 10 अगस्त की सुबह एक बालिका के घर से लापता होने का मामला सामने आया है। बालिका की बरामदगी की मांग को लेकर सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने गोविंदगढ़ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार बालिका रात में घर पर सोई हुई थी। सुबह करीब 4 बजे जब परिजनों ने देखा तो वह अपने बिस्तर पर नहीं थी। घर की अलमारी भी खुली मिली। जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद गायब मिले। परिजनों ने बालिका की आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बहादरखेड़ी निवासी राजेश पुत्र किशोरी के साथ बालिका के जाने की आशंका जताई है। रिपोर्ट में सोने की लड़ी, ओम, टीका, चांदी की पायजेब, तगड़ी, चांद-सूरज, चूड़ियां सहित अन्य आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद गायब होने का उल्लेख किया गया है।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच एएसआई सूरजमल को सौंपी है। वहीं, बालिका की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर पुलिस से जल्द से जल्द बालिका को सकुशल बरामद करने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए बालिका की तलाश कर उसे बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *