#देश दुनिया #राज्य-शहर

एक महीने से पानी को तरसे लोग, महिलाओं का फूटा आक्रोश; बस स्टैंड रोड पर लगाया जाम

अलवर। शहर के भैरू का चबूतरा, धाबाई जी का मोहल्ला और रथखाना मोहल्ले में पिछले करीब एक महीने से जारी पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने बस स्टैंड रोड पर मानव श्रृंखला बनाकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक रोडवेज बसों सहित अन्य वाहनों के पहिए थमे रहे और सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों मोहल्लों में पिछले एक महीने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई और कार्यालयों के चक्कर लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

लगातार शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और मानव श्रृंखला बनाकर बस स्टैंड रोड पर जाम लगा दिया।

जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश की। पुलिस ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने लोगों को पेयजल समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया।

करीब एक घंटे बाद बस स्टैंड रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग से पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *