पाकिस्तानी स्पिनर मोहम्मद नवाज डोप टेस्ट में फेल, ICC ने लगाया 3 महीने का प्रतिबंध
पाकिस्तान के अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को ICC एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। नवाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। हालांकि, यदि वे ICC द्वारा निर्धारित उपचार कार्यक्रम पूरा कर लेते हैं, तो उनके प्रतिबंध की अवधि कम की जा सकती है।
टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान लिया गया था सैंपल
आईसीसी के अनुसार, 32 वर्षीय मोहम्मद नवाज का डोप टेस्ट 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के बाद लिया गया था। जांच में उनके सैंपल में कार्बोक्सी-THC नामक प्रतिबंधित पदार्थ के अंश पाए गए, जो ICC एंटी-डोपिंग कोड के तहत निषिद्ध है। इसके बाद मामले की सुनवाई की गई और नवाज को नियमों के उल्लंघन का दोषी माना गया।
खेल प्रदर्शन बढ़ाने से नहीं जुड़ा था मामला
मोहम्मद नवाज ने जांच के दौरान अपनी गलती स्वीकार की और यह भी बताया कि प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान नहीं, बल्कि खेल से अलग समय में किया था। जांच में यह भी सामने आया कि इस पदार्थ का इस्तेमाल प्रदर्शन बढ़ाने के उद्देश्य से नहीं किया गया था। इसी आधार पर ICC ने मामले को अलग श्रेणी में रखते हुए सजा निर्धारित की।
1 मई से प्रभावी माना गया तीन महीने का बैन
आईसीसी ने नवाज पर लगाया गया तीन महीने का प्रतिबंध 1 मई 2026 से प्रभावी माना है। उसी दिन से उनका प्रोविजनल सस्पेंशन लागू था। चूंकि वे पहले ही ढाई महीने की निलंबन अवधि पूरी कर चुके हैं और उपचार कार्यक्रम में शामिल होने की प्रतिबद्धता जता चुके हैं, इसलिए आगे की प्रक्रिया उसी कार्यक्रम के सफल समापन पर निर्भर करेगी।
ट्रीटमेंट प्रोग्राम पूरा करने पर मिल सकती है राहत
आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि यदि मोहम्मद नवाज निर्धारित उपचार (Treatment Program) को सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं और सभी शर्तों का पालन करते हैं, तो उनके प्रतिबंध की प्रभावी अवधि घटाकर एक महीना मानी जा सकती है। इसके बाद उन्हें किसी अतिरिक्त निलंबन का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कुछ मैचों के रिकॉर्ड किए गए अमान्य
एंटी-डोपिंग कोड के नियमों के तहत 7 फरवरी 2026 को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले से लेकर 1 मई 2026 तक नवाज द्वारा खेले गए मैचों के व्यक्तिगत प्रदर्शन और रिकॉर्ड्स को अमान्य घोषित कर दिया गया है। यानी इस अवधि में बनाए गए उनके व्यक्तिगत आंकड़े आधिकारिक रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं माने जाएंगे।