भोपाल डबल मर्डर: रेनकोट पहनकर पहुंचे आरोपी ने बुजुर्ग दंपती को मारी गोली, अंतिम संस्कार में भी रहा शामिल
भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र के चर्चित बुजुर्ग दंपती हत्याकांड में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि मकान हड़पने की साजिश के तहत आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शाजापुर से अवैध पिस्टल खरीदी, रेनकोट पहनकर घर में दाखिल हुए और पहले पति फिर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अंतिम संस्कार तक में शामिल रहा और परिवार के सामने भावुक होने का नाटक करता रहा।
मकान हथियाने के लिए रची गई हत्या की साजिश
भोपाल के सुदामा नगर इलाके में रहने वाले बुजुर्ग दंपती हेमंत और शकुंतला फिलेमोन की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रॉपर्टी ब्रोकर श्रीकांत चिचलिया और उसके भाई शशिकांत को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी करीब दो साल से दंपती के संपर्क में थे। आरोप है कि उन्होंने करीब दो करोड़ रुपये कीमत के मकान को अपने नाम कराने के लिए पहले फर्जी दस्तावेज तैयार किए और बाद में हत्या की साजिश रची।
शाजापुर से खरीदी पिस्टल, फिर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आगर मालवा (शाजापुर) क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदा था। इसके बाद 24 जून की रात वारदात को अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी रेनकोट पहनकर दंपती के घर पहुंचे, ताकि पहचान छिपाई जा सके। घर में प्रवेश करने के बाद पहले हेमंत फिलेमोन को गोली मारी गई और उसके बाद पत्नी शकुंतला की हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होकर जताता रहा दुख
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि मुख्य आरोपी श्रीकांत हत्या के बाद भी पीड़ित परिवार के संपर्क में रहा। पुलिस के मुताबिक, वह पोस्टमार्टम से लेकर अंतिम संस्कार तक में शामिल हुआ। इस दौरान उसने कई बार दुख जताया और भावुक होने का दिखावा किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस को शुरुआत से उस पर संदेह था, लेकिन पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही कार्रवाई की गई।
1500 सीसीटीवी और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद खुलासा
पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम (SIT) बनाई थी। टीम ने करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े अन्य सबूत जुटाए हैं।
ये भी पढ़ें – वोटर लिस्ट से नाम हटने पर नहीं जाएगी नागरिकता, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग के अधिकार किए स्पष्ट
तालाब से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल हथियार
पुलिस ने आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के पहले चरण में पुलिस ने बड़े तालाब से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि बरामद हथियारों की संख्या कितनी है। आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी श्रीकांत चिचलिया शाहपुरा थाने का निगरानीशुदा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से लूट, मारपीट और धोखाधड़ी जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति ने आरोपियों की मदद तो नहीं की थी।
फर्जी दान पत्र से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती से धोखे से मकान का दान पत्र तैयार कराया था। उन्हें उम्मीद थी कि दंपती की मौत के बाद संपत्ति उनके नाम हो जाएगी। लेकिन जब हेमंत और शकुंतला ने मकान बेचने की तैयारी शुरू कर दी तो आरोपियों की योजना विफल होती नजर आई। इसके बाद दोनों ने हत्या की साजिश को अंजाम दिया।
पुलिस परिजनों की भूमिका की भी कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में मृतक दंपती के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी किसी को क्लीनचिट नहीं दी है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
https://www.facebook.com/StvNews2006