भोपाल में दर्दनाक मामला: एक्स मंगेतर से विवाद के बाद युवक ने पीया एसिड, इलाज के दौरान मौत
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय युवक ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवक की एक्स मंगेतर पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर एसिड पीकर की आत्महत्या
घटना भोपाल के करोंद क्षेत्र स्थित रतनपुर कॉलोनी की है। 24 वर्षीय लखन किरार ने घर पर ही एसिड पी लिया, जिसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।
शादी टूटने के पीछे EX मंगेतर का आरोप
परिजनों के अनुसार, लखन की 10 मई को शादी तय थी, लेकिन उससे पहले उसकी एक्स मंगेतर ने होने वाली दुल्हन और उसके परिवार को लखन के साथ निजी तस्वीरें भेज दीं, जिससे शादी टूट गई।
5 दिन साथ रहने का भी आरोप
परिजनों का कहना है कि शादी टूटने के बाद भी दोनों फिर से संपर्क में आए और कुछ समय साथ रहे। दोनों विदिशा भी गए थे और बाद में वापस लौटे। लौटने के बाद उनके बीच लगातार विवाद होने लगा।
‘सबक सिखाना था’ कहकर छोड़ा साथ
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक्स मंगेतर ने लखन को छोड़ते समय कहा था कि वह उसके साथ रिश्ता नहीं रखना चाहती थी और उसे “सबक सिखाना चाहती थी।” इसी मानसिक तनाव के कारण युवक ने यह कदम उठाया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तहकीकात कर रही है।