#क्राइम #राज्य-शहर

दर्दनाक घटना: मां ने मासूम बेटी की हत्या कर खुद दी जान

बाड़मेर में मां-बेटी की मौत से फैली सनसनी

राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

पानी के टांके में मिला मां-बेटी का शव

जानकारी के अनुसार, बूठ राठौड़ान गांव में शुक्रवार सुबह यह दर्दनाक घटना हुई। 23 वर्षीय धूड़ी देवी ने पहले अपनी मासूम बेटी प्रिया को घर के पास बने पानी के टांके में फेंक दिया और उसके बाद खुद भी छलांग लगा दी। दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

चीखें सुनकर पहुंचे लोग, लेकिन नहीं बची जान

घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। बताया जा रहा है कि महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चौहटन थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

3 साल पहले हुई थी शादी, कारणों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, धूड़ी देवी की शादी करीब तीन साल पहले तेजाराम के साथ हुई थी और वह ससुराल में रह रही थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में जुटी, गांव में मातम

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक घटना की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल मामला पूरी तरह जांच के घेरे में है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *