#Uncategorized

दुबई से चल रहा 160 करोड़ का साइबर ठगी नेटवर्क, डूंगरपुर पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा

राजस्थान के डूंगरपुर में साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। डूंगरपुर पुलिस ने 160 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी घनश्याम कलाल, जो सीमलवाड़ा का रहने वाला है, लंबे समय से फरार चल रहा था और दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भोले-भाले लोगों—खासकर कॉलेज छात्रों और ग्रामीणों—को सरकारी योजनाओं, फ्री पैन कार्ड, लोन और स्कॉलरशिप का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद इन खातों की चेकबुक, एटीएम, पासवर्ड और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में लेकर दुबई और कुवैत में बैठे ठगों को सौंप देता था।

इन्हीं खातों के जरिए शेयर मार्केट, क्रिप्टो, ट्रेडिंग और बेटिंग ऐप के नाम पर देशभर में ठगी की जाती थी। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने 450 से ज्यादा बैंक खाते खुलवाकर करीब 160 करोड़ रुपये का अवैध लेन-देन किया।

इसे भी पढ़ें – भोपाल में डॉक्टर ने महिला पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप, 20 लाख रुपये ऐंठने का केस दर्ज

यह कार्रवाई पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत की गई। आरोपी को 20 जुलाई को उदयपुर के पास बलीचा इलाके से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले गिरोह के पांच अन्य सदस्य भी पकड़े जा चुके हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

डूंगरपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

https://x.com/stvnewsonline

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *