बगड़ तिराहा स्टैंड पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
रामगढ़/अलवर
रामगढ़ क्षेत्र के बगड़ तिराहा स्टैंड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और उसमें बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद ऑटो के पलटने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल सुभाष पुत्र मम्मन जोशी निवासी बाम्बोली और ईशन पुत्र कन्नू निवासी बेलाका, बगड़ तिराहा से अपने गांव जाने के लिए ऑटो में बैठे थे। उस समय ऑटो स्टैंड पर खड़ा था और चालक बाहर मौजूद था। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही कार ने ऑटो को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि एक युवक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।