#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में अवैध खनन पर पुलिस का सबसे बड़ा शिकंजा: 25 ट्रैक्टर, 6 जेसीबी और 5 पोकलेन जब्त, माफिया में हड़कंप

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर खनन माफिया में हड़कंप मचा दिया। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस और क्यूआरटी टीम ने तड़के गोपनीय रणनीति के तहत इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, 6 जेसीबी और 5 पोकलेन मशीनें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 से 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस रणनीति ने माफिया के मजबूत मुखबिर तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस टीम ने इस बार सरकारी वाहनों के बजाय 7 निजी गाड़ियों का इस्तेमाल किया और दो अलग-अलग रास्तों से एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। अचानक हुई इस घेराबंदी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई माफिया वाहन लेकर भागने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही काबू में कर लिया।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि बजरी के अवैध खनन की पुख्ता सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई। वहीं प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा ने पूरी कार्रवाई का नेतृत्व किया, जिसे जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

कार्रवाई के बाद पुलिस और खनन विभाग अब इस अवैध कारोबार के पीछे जुड़े लोगों की जांच में जुट गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से प्रभावशाली लोग शामिल हैं। साथ ही जिस जमीन पर खनन किया जा रहा था, उसके खातेदारों से भी पूछताछ की जाएगी।

बाइट:सुधीर चौधरी एसपी अलवर

बाइट:कार्तिकेय वर्मा , प्रशिक्षु आईपीएस

प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के अवैध खनन की आशंका जताई जा रही है। विभागीय रिपोर्ट और पैमाइश के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा, वहीं जब्त वाहनों के मालिकों पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *