दिल्ली में आयकर अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर अलवर पुलिस ने किया गिरफ्तार
दिल्ली के अमर कॉलोनी में आयकर अधिकारी की बेटी की बेरहमी से हत्या और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा को अलवर पुलिस दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अलवर लाई है इस जघन्य वारदात के आरोपी अलवर के राजगढ़ निवासी राहुल मीणा ने आरोपी ने इस वारदात से पहले अपने ही गांव में एक और महिला के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद वह सीधे दिल्ली भाग गया जहां उसने आयकर अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी
अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया है। उसे ‘केस ऑफिसर स्कीम’ के तहत रखा गया है, जिससे मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जा सके। इस गंभीर प्रकरण की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रियंका रघुवंशी और राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना को सौंपी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला राहुल मीणा ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और इसमें वह लाखों रुपये हार चुका था। पैसों की जरूरत और मानसिक असंतुलन के चलते उसने पहले अपने ही पड़ोस में रहने वाले दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया।
इस घटना के बाद वह उसी रात बिना किसी को बताए दिल्ली के लिए रवाना हो गया। दिल्ली पहुंचकर उसने सफदरजंग इलाके की अमर कॉलोनी में रहने वाले एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी को निशाना बनाया। आरोपी ने युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया।
दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था। वहीं, अलवर में दर्ज दुष्कर्म के मामले में अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला का मेडिकल और बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अब आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसे घटनास्थल पर भी ले जाया जाएगा ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिल चुके हैं और मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए जल्द ही कोर्ट में चालान पेश कर त्वरित ट्रायल कराया जाएगा।