अलवर में महिला ने खुद को ब्लेड मारकर की आत्महत्या, मानसिक तनाव बताया जा रहा कारण
अलवर शहर के अखेपुरा मोहल्ले में बीती रात एक महिला द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला ने परिवार के सो जाने के बाद अपने पेट में ब्लेड मार लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना का पता चलते ही परिजन महिला को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सीमा की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी जैसलमेर में हुई थी, जो करीब छह महीने बाद तलाक में बदल गई। इसके बाद उसकी दूसरी शादी जयपुर में हुई, लेकिन वहां भी उसका वैवाहिक जीवन सफल नहीं रहा और तलाक हो गया। दोनों शादियों के टूटने के बाद वह अपने पीहर में रह रही थी।
परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के चलते सीमा मानसिक तनाव में रहने लगी थी। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।