रामगढ़ में तेज रफ्तार कार का कहर: बुजुर्ग बाइक सवार को मारी टक्कर, चालक फरार, CCTV में कैद घटना
अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे के गोविंदगढ़ मोड़ पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घायल किशन लाल, निवासी गुर्जरपुर (अलावड़ा), रामगढ़ अनाज मंडी में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार को वे अपने गांव से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए रामगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान गोविंदगढ़ मोड़ पर तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में किशन लाल के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के पुत्र रोहतास ने बताया कि कार रामगढ़ से गोविंदगढ़ की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके पिता सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसके आधार पर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।