अलवर के बुध विहार में पानी भरने को लेकर विवाद, महिला से विशेष समुदाय के लोगों द्वारा मारपीट का आरोप, तनाव का माहौल
अलवर शहर के बुध विहार क्षेत्र में पानी भरने को लेकर हुआ विवाद अचानक बढ़कर तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। आरोप है कि इस विशेष समुदाय के कुछ लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
पीड़िता रीना सैनी ने बताया कि वह बुध विहार स्थित फ्लैट्स में रहती हैं, जहां एक सरकारी नल से लोग पानी भरते हैं। उनके अनुसार, पानी भरने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें पानी भरने से रोक दिया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शेरखान, हिना खान सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायल रीना सैनी को तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुछ हिंदुवादी संगठनों के कार्यकर्ता अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नाराजगी जताई। विश्व हिंदू परिषद के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि उक्त फ्लैट्स में कुछ लोग अवैध रूप से रह रहे हैं और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की गई है।