#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: पीडब्ल्यूडी एक्सईएन कृष्ण अवतार गुप्ता 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन (टीए) कृष्ण अवतार गुप्ता को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी को परिवादी ने 28 अप्रैल को शिकायत दी थी कि उसके भतीजे को एचपीसीएल का पेट्रोल पंप बरखेड़ा (लक्ष्मणगढ़ रोड, स्टेट हाईवे-44) पर आवंटित हुआ है। इसके लिए एनओसी जारी करने के बदले पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (टीए) द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बाद में यह सौदा 35 हजार रुपये में तय हुआ। सत्यापन के दौरान 1 मई को परिवादी से 10 हजार रुपये पहले ही लिए जाना सामने आया।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने डीवाईएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। टीम के निर्देश पर परिवादी शेष 25 हजार रुपये लेकर कार्यालय पहुंचा, जहां आरोपी अधिकारी ने राशि अपने स्कीम-8 स्थित आवास पर देने के लिए कहा।

निर्देशानुसार परिवादी ने आरोपी के घर पहुंचकर उसे 25 हजार रुपये थमाए। जैसे ही आरोपी ने पैसे लेकर गिने, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अरावली विहार थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई।


author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *