अलवर में किसान मेले का आयोजन, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान ने किया शुभारंभ; किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांगवान ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में कृषि मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना, कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित करना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरस डेयरी के नए प्लांट के लिए 200 करोड़ रुपये तथा किसान संबल योजना के तहत 5 रुपये प्रति लीटर की दर से 700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके अलावा केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना में राज्य सरकार द्वारा 3 हजार रुपये जोड़कर किसानों को कुल 9 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। गांव-गांव ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
सांगवान ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि सरस डेयरी का वर्तमान प्लांट लगभग 50 वर्ष पुराना हो चुका है, जिसके स्थान पर नए प्लांट की स्वीकृति दिलाई गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि लोकसभा क्षेत्र में 127 ई-लाइब्रेरियों की शुरुआत की गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए सांसद खेल उत्सव तथा ग्रीष्मकालीन समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय कोच प्रतिभाओं का चयन करते हैं।
साथ ही, अलवर में पहली बार 21 किलोमीटर की इंटरनेशनल मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश के धावकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जिले की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय व्यापार और किसानों को भी लाभ होता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्नत खेती और कम भूमि में अधिक उत्पादन करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र और कृषि यंत्र देकर सम्मानित किया गया।