मायापुर स्कूल शिफ्टिंग के विरोध में तीसरे दिन भी धरना जारी, 300 बच्चों की पढ़ाई ठप
टपूकड़ा क्षेत्र के मायापुर गांव स्थित राजकीय विद्यालय को जर्जर भवन घोषित कर दूसरे गांव में शिफ्ट किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को धरने में महिलाओं ने भी अपने बच्चों के साथ भाग लेकर विरोध को और मजबूत किया।
मामले के समाधान की दिशा में स्कूल विकास एवं प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) ने विद्यालय को गांव में ही स्थित अटल सेवा केंद्र में अस्थायी रूप से संचालित करने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत ने भी अटल सेवा केंद्र में विद्यालय संचालन के लिए एनओसी जारी कर दी है।
हालांकि पंचायत और एसडीएमसी की सहमति व प्रस्ताव के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों में रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर बच्चों की पढ़ाई को सुचारु करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।