#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

भामुवास में गोकशी के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, खुशखेड़ा थाने पहुंचे सैकड़ों लोग, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी पुलिस जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र के भामुवास गांव में 1 जनवरी को हुई गोकशी की घटना के विरोध में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण पूर्व विधायक मामन सिंह यादव के नेतृत्व में खुशखेड़ा थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गो-तस्करों ने गांव में घर के बाहर बंधी गाय को चुराकर निंबाहेड़ी के जंगलों में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक केवल एक आरोपी को ही गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मेवात क्षेत्र में गोकशी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले भी भामुवास गांव में इसी तरह की घटना हुई थी, जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तक अब तक नहीं आई है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन हो रही गोकशी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर बाकी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो खुशखेड़ा थाने का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व विधायक मामन सिंह यादव ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गो-तस्करी और गोकशी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में गो-तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती थी। पूर्व विधायक ने बताया कि घटना को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक सिर्फ एक ही आरोपी को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को केंद्रीय मंत्री और सरकार के समक्ष उठाएंगे।
वहीं खुशखेड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 1 जनवरी को भामुवास गांव में गाय चोरी और उसकी मौत के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिससे पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को तीन दिनों के भीतर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल ग्रामीणों को समझाइश कर शांतिपूर्वक वापस भेज दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *