अलवर में 4 सितंबर को होगी 10वीं दही हांडी प्रतियोगिता, विजेता को 71 हजार का पुरस्कार
अलवर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अलवर में इस बार भी दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। श्री महाराणा प्रताप समिति, अलवर की ओर से 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को 10वीं दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसमें शहर की विभिन्न टीमें हिस्सा लेंगी।
समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 71 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 51 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार राशि तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी द्वारा प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में टीमों को 18 फीट की ऊंचाई पर दही हांडी फोड़नी होगी। निर्धारित समय में सबसे तेज दही हांडी फोड़ने वाली छह टीमों का चयन दूसरे चरण के लिए किया जाएगा।
दूसरे चरण में चयनित छह टीमें 20 फीट की ऊंचाई पर दही हांडी फोड़ेंगी। इसी चरण में टीमों के प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का निर्धारण किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए भी निःशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
समिति के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमें कंपनी बाग परिसर में अभ्यास कर सकेंगी। इसके लिए समिति की ओर से संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
बाईट :प्रेम सिंह राजावत , सयोजक
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और विभिन्न टीमों में उत्साह है। समिति का उद्देश्य दही हांडी प्रतियोगिता के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाना है।