महिलाएं किशोरी को घर से ले गईं, करवाया रेप फिर 32 हजार में सौदा; फावड़े-सब्बल से नूरजहां का गिराया घर
अजमेर में नाबालिक लड़की से दुष्कर्म के मामले में पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में एक महिला आरोपी के घर को गिरा दिया.
नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने, उसके साथ दुष्कर्म करवाने और 32 हजार रुपये में उसका सौदा कर शादी करवाने और मानव तस्करी से जुड़े गंभीर मामले में अजमेर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. दरगाह थाना पुलिस ने मामले में 3 महिलाओं और दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाबालिग लड़की को सरदार शहर से दस्तयाब कर लिया है. मामले में कुल 7 आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनमें 3 महिलाएं और 4 पुरुष बताए जा रहे हैं. आज साथ आरोपी में से एक महिला आरोपी नूरजहां के मकान को तोड़ने की कार्रवाई कर रही है.
किशोरी को पुष्कर लेकर गए
दरगाह थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी महिलाएं उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थीं. पुलिस के अनुसार, नाबालिग को पहले पुष्कर ले जाया गया, जहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. इसके बाद आरोपी महिलाएं उसे सरदार शहर लेकर गईं, जहां कथित रूप से 32 हजार रुपये में उसका सौदा कर दिया गया और उसकी शादी भी करवा दी गई.
पैसा लेकर नाबालिग लड़की को बेचा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि यह मामला मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है. आरोप है कि महिलाओं ने पैसे लेकर नाबालिग लड़की को बेच दिया. मामले में पुलिस ने रोशनी खातून, बिजली उर्फ अफसाना और नूरजहां शालिम को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बिजली और नूरजहां नाबालिग को सरदार शहर लेकर गई थीं, जबकि रोशनी नामक आरोपी महिला उसे पुष्कर लेकर गई थी.
रेप के आरोपी को किया गिरफ्तार
पुष्कर की होटल में दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है. सरदार शहर में नाबालिग को खरीदने और शादी करवाने का आरोपी भी अभी फरार बताया जा रहा है. जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे उमंग अभियान के तहत इस मामले में कार्रवाई की गई है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
इसे भी पढ़ें- राजस्थान चुनाव से पहले सियासी संग्राम तेज, OBC आरक्षण बनेगा गेम चेंजर