STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 14 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

राजस्थान में पंचायती राज विभाग में नई भर्ती की तैयारी, 31 मार्च 2028 तक खाली पदों का मांगा ब्यौरा

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पंचायती राज विभाग से अहम खबर सामने आई है। प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं में नई सीधी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने सभी जिला परिषदों से 31 मार्च 2028 तक रिक्त होने वाले पदों की जानकारी मांगी है। इसमें ग्राम विकास अधिकारी (VDО), कनिष्ठ सहायक, वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित विभिन्न संवर्ग शामिल हैं। हालांकि, अभी भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है।

चार प्रमुख संवर्गों के पदों का होगा आकलन
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • राजस्थान में पंचायती राज विभाग में नई भर्ती की तैयारी शुरू
  • VDO और कनिष्ठ सहायक सहित इन पदों पर आ सकती है भर्ती
  • 31 मार्च 2028 तक खाली पदों का सरकार ने मांगा ब्यौरा

JAIPUR,14 NOV. 2026:

सभी जिला परिषदों से मांगी गई रिक्तियों की जानकारी

कार्मिक विभाग के निर्देशों के बाद ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने यह कवायद शुरू की है। विभाग ने प्रदेश की सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को पत्र जारी किया है।निर्देशों के अनुसार, जिला परिषदों को निर्धारित प्रारूप में पदवार रिक्तियों का विवरण देना होगा। यह जानकारी विभागीय ई-मेल के माध्यम से भेजनी है। पंचायती राज विभाग की उपायुक्त एवं शासन उप सचिव (द्वितीय) डॉ. अनुपमा टेलर की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।

चार प्रमुख संवर्गों के पदों का होगा आकलन

विभाग ने मुख्य रूप से चार संवर्गों के पदों की जानकारी मांगी है।

- ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ)

- कनिष्ठ सहायक

- वाहन चालक

- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी

इन पदों पर वर्तमान में खाली पदों के साथ 31 मार्च 2028 तक रिक्त होने वाले पदों का भी विवरण जुटाया जाएगा। इससे जिला स्तर पर कर्मचारियों की उपलब्धता और भविष्य में भर्ती की जरूरत का आकलन किया जा सकेगा।

प्रक्रियाधीन भर्तियों के पद नहीं होंगे शामिल

विभाग ने रिक्तियों की गणना के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए हैं। जिन पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले से चल रही है, उन्हें नए आंकड़ों में शामिल नहीं किया जाएगा।इसके अलावा, जिन पदों के लिए विज्ञप्ति या अधिसूचना जारी हो चुकी है, उन्हें भी इस गणना से अलग रखा जाएगा। यानी विभाग उन पदों का विवरण तैयार कर रहा है, जिन्हें आगामी सीधी भर्ती के जरिए भरा जा सकता है।

रिक्तियों का आंकड़ा मिलने के बाद बनेगा भर्ती का रोडमैप

राज्य सरकार विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्तशासी संस्थाओं में 31 मार्च 2028 तक खाली होने वाले पदों का आकलन करा रही है। सभी जिला परिषदों से जानकारी मिलने के बाद भर्ती योग्य पदों की पहचान की जाएगी।इसके बाद संबंधित भर्ती एजेंसियों को अभ्यर्थना भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। इनमें राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड प्रमुख हैं।फिलहाल यह प्रक्रिया भर्ती की तैयारी और रिक्तियों के आकलन से जुड़ी है। युवाओं को आधिकारिक विज्ञप्ति जारी होने का इंतजार करना होगा।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।