अलवर कॉलेज में छात्रों का हंगामा: पढ़ाई ठप होने पर उग्र विरोध, आत्मदाह की चेतावनी
अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ। नाराज छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया और प्रिंसिपल का घेराव कर अपनी मांगें रखीं।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो वे आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगे। वहीं छात्र विजय यादव ने भी आक्रोश जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो स्टाफ की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में पढ़ाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि आधे से ज्यादा लेक्चरर केवल हाजिरी लगाकर चले जाते हैं, जिससे कक्षाएं नियमित नहीं लग पातीं। ऐसे में छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज की बुनियादी सुविधाएं बेहद खराब हैं। टॉयलेट गंदे और बदबूदार हैं, वहीं पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। छात्रों का कहना है कि पढ़ाई न होने के कारण उन्हें मजबूरी में बाहर महंगी कोचिंग का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
हंगामे की सूचना मिलते ही प्रिंसिपल अशोक आर्य मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।