STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकरविवार, 22 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

श्रीगंगानगर में भांभू कॉलोनी तिहरे हत्याकांड के सजायाफ्ता कैदी की मौत, न्यायिक जांच के आदेश की मांग

श्रीगंगानगर के जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में 1999 के चर्चित भांभू कॉलोनी तिहरे हत्याकांड के सजायाफ्ता कैदी लालचंद उर्फ लालिया की मौत हो गई। रोजगार के लिए शिविर से बाहर गए कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उसे पदमपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने मृत्यु के कारणों की न्यायिक जांच और पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है।

भांभू कॉलोनी तिहरे हत्याकांड
फोटो: PHOTO AI

मुख्य बातें

  • भांभू कॉलोनी तिहरे हत्याकांड के कैदी की मौत, जेल प्रशासन ने मांगी न्यायिक जांच
  • 1999 के चर्चित हत्याकांड के सजायाफ्ता कैदी की अचानक बिगड़ी तबीयत, मौत
  • रोजगार के लिए खुला बंदी शिविर से गया था बाहर, अस्पताल में तोड़ा दम

SRIGANGANAGAR,21 NOV. 2026:

रोजगार के लिए शिविर से बाहर गया था कैदी

केंद्रीय कारागृह के जेल अधीक्षक महावीर मीणा के अनुसार, मृतक की पहचान लालचंद उर्फ लालिया (51) पुत्र राजू उर्फ कचरू के रूप में हुई है। वह श्रीगंगानगर की भांभू कॉलोनी में बाबादीप सिंह गुरुद्वारे के पीछे रहता था।लालचंद 25 जुलाई 2026 से जैतसर स्थित खुला बंदी शिविर में सजा काट रहा था। शुक्रवार सुबह उसने नियमित हाजिरी लगवाई थी। इसके बाद वह रोजगार के लिए शिविर से बाहर चला गया था।

अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

जेल प्रशासन को मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:40 बजे बंदी के परिजन सूरज पुत्र अंग्रेज सिंह ने शिविर के अन्य बंदी मनजीत पुत्र रामफल को फोन किया।उसने बताया कि लालचंद की तबीयत बिगड़ने पर उसे राजकीय चिकित्सालय पदमपुर में भर्ती करवाया गया है। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।खुला बंदी शिविर के प्रभारी जयवीर सिंह प्रहरी ने शाम करीब 6 बजे दूरभाष के माध्यम से जेल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे लिखित प्रार्थना पत्र देकर भी घटना की जानकारी दी गई।

मृत्यु के कारणों की न्यायिक जांच की मांग

घटना के बाद केंद्रीय कारागृह प्रशासन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीगंगानगर को पत्र भेजा। इसमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 196 के तहत मर्ग दर्ज करने और पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया गया।इसके साथ ही मृत्यु के कारणों की न्यायिक मजिस्ट्रेट से जांच करवाने की मांग की गई है। जेल प्रशासन के पत्र में अचानक बीमार होना मृत्यु का संभावित कारण बताया गया है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

1 जनवरी 1999 को हुई थी तीन लोगों की हत्या

श्रीगंगानगर का चर्चित भांभू कॉलोनी तिहरा हत्याकांड 1 जनवरी 1999 की रात हुआ था। चार युवकों ने परचून की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के घर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया था।आरोपियों ने दुकानदार, उसकी गर्भवती पत्नी और आठ वर्षीय बालक की चाकू तथा केबल से हत्या कर दी थी। इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी को वादा माफ गवाह बनाया गया। वहीं, शेष तीन आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया।

2003 में सुनाई गई थी सजा

श्रीगंगानगर की फास्ट ट्रैक अदालत ने वर्ष 2003 में एक आरोपी को मृत्युदंड सुनाया था। वहीं, दो अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी गई थी।मृत्युदंड से दंडित आरोपी की दया याचिका तत्कालीन राष्ट्रपति ने वर्ष 2012 में स्वीकार कर ली थी। इसके बाद उसकी फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया था।

पुलिस का पक्ष

जेल प्रशासन ने मांगी न्यायिक जांच

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।