STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 12 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी फिल्म, प्रधानमंत्री पद ठुकराने से लेकर राजनीतिक सफर तक दिखेगी कहानी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की जिंदगी और राजनीतिक सफर अब बड़े पर्दे पर दिखाई दे सकता है। उनकी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव पर आधारित तेलुगु फीचर फिल्म बनाने की घोषणा की गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से आर्थिक सहयोग मांगा है। प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के निजी जीवन, गांधी परिवार से जुड़ाव, राजनीतिक संघर्ष और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले को प्रमुखता से दिखाया जा सकता है।

SONIA GANDHI
फोटो: PHOTO INTERNET

मुख्य बातें

  • सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी फिल्म, जग्गा रेड्डी ने किया ऐलान
  • प्रधानमंत्री पद क्यों ठुकराया? फिल्म में दिखेगा सोनिया गांधी का राजनीतिक सफर
  • सोनिया गांधी की कहानी अब बड़े पर्दे पर, कांग्रेस जुटाएगी फिल्म का बजट

HYDRABAD,12 NOV. 2026:

जग्गा रेड्डी ने की फिल्म बनाने की घोषणा

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में इस फिल्म प्रोजेक्ट की घोषणा की। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की। साथ ही शुरुआती तैयारियों की निगरानी के लिए 50 सदस्यों की कमेटी बनाने का प्रस्ताव रखा।गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद को कमेटी की गतिविधियों की जिम्मेदारी देने की बात कही गई। वहीं, संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलाकांति अंजनेयुलु ने फिल्म प्रोजेक्ट के लिए 2 करोड़ रुपये देने का वादा किया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मांगा आर्थिक सहयोग

जग्गा रेड्डी ने कार्यकर्ताओं से अपने संसाधन जुटाकर फिल्म के लिए उचित बजट तैयार करने को कहा। उन्होंने चुनावी खर्च का उदाहरण देते हुए फिल्म निर्माण में भी उसी तरह सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि एक अच्छे निर्देशक का चयन किया जाएगा। आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को शूटिंग के औपचारिक शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया जाएगा।इसके अलावा सोनिया गांधी की आत्मकथा की प्रतियां मंगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बांटने की योजना भी बताई गई है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को उनके व्यक्तिगत अनुभवों और राजनीतिक सफर से परिचित कराना है।

फिल्म में दिखेगा सोनिया गांधी का निजी और राजनीतिक जीवन

प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के अलग-अलग पड़ाव दिखाए जाने की बात कही गई है। इसमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिका शामिल हो सकती है।फिल्म में राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की हत्या के बाद का कठिन दौर भी दिखाया जा सकता है। इसके अलावा बच्चों की परवरिश और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन की ओर बढ़ने की कहानी भी शामिल होने की उम्मीद है।जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी ने अलग-अलग धर्मों, जातियों और भाषाओं वाले देश में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। उनके मुताबिक, सोनिया गांधी ने भारतीय राजनीति को गहराई से समझा और पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला भी होगा अहम

फिल्म में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद से दूरी बनाए रखने के फैसले को भी प्रमुखता मिल सकती है। जग्गा रेड्डी ने अपने संबोधन में राजीव गांधी की हत्या के बाद के राजनीतिक दौर का जिक्र किया।उन्होंने कहा कि उस समय पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने थे। वहीं, सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी नहीं मांगी थी। इसके बाद 2004 में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की सरकार बनने के दौरान भी सोनिया गांधी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए सामने आया था।हालांकि, उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया। यह फैसला भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों में गिना जाता है।

मनरेगा योजना में योगदान का भी किया जिक्र

जग्गा रेड्डी ने अपने भाषण में मनरेगा योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी को इस योजना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया।मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। रेड्डी ने कहा कि इस योजना ने ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई।उन्होंने अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की उम्मीद भी जताई। फिलहाल फिल्म की घोषणा हुई है और निर्माण से जुड़ी शुरुआती तैयारियों की बात सामने आई है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।