STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 24 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

श्रीनगर में पारा -1.6 डिग्री पहुंचा, सीजन की सबसे सर्द रात; दिल्ली-UP समेत मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड

जम्मू-कश्मीर में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर -1.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग ने नवंबर के अंत तक रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में बढ़ती ठंड का असर आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दे सकता है।

पहलगाम में -4.6 डिग्री पहुंचा तापमान
फोटो: PHOTO GOOGLE

मुख्य बातें

  • श्रीनगर में -1.6 डिग्री पहुंचा पारा, सीजन की सबसे सर्द रात
  • कश्मीर में बढ़ी कंपकंपी, पहलगाम में तापमान -4.6 डिग्री
  • कश्मीर की ठंड का मैदानी इलाकों पर दिखेगा असर, मौसम विभाग का अनुमान

JAMMU-KASHMIR,24 NOV. 2026:

पहलगाम में -4.6 डिग्री पहुंचा तापमान

स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि श्रीनगर में -1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।उन्होंने बताया कि नवंबर के अंत तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।सोमवार और मंगलवार की रात पहलगाम में न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, गुलमर्ग में तापमान 0.2 डिग्री रहा।

जम्मू और आसपास के इलाकों में भी बढ़ी ठंड

जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटरा और बटोत में 10.5 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा बनिहाल में 13.7 डिग्री और भद्रवाह में 2.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।सुबह के समय कड़ाके की ठंड और पाले का असर साफ दिखाई दे रहा है। श्रीनगर और कश्मीर के अन्य कस्बों में लोग दिन की शुरुआत देर से कर रहे हैं। ठंड के कारण सुबह के समय सड़कें और बाजार भी अपेक्षाकृत सुनसान रहते हैं।हालांकि, श्रीनगर की बुलेवार्ड रोड पर सुबह के समय कुछ युवा साइकिल चलाते भी नजर आ रहे हैं।

छाती से जुड़ी बीमारियों से बचने की सलाह

ठंड बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फेफड़ों के विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक ठंड के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए।खासकर छाती से जुड़ी समस्याओं से परेशान लोगों को सुबह और देर रात बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी रखनी चाहिए।

21 दिसंबर से शुरू होगा चिल्लई कलां

कश्मीर में सर्दियों का सबसे कठोर दौर ‘चिल्लई कलां’ कहलाता है। यह 40 दिनों तक चलने वाली कड़ाके की ठंड की अवधि है। इसकी शुरुआत 21 दिसंबर से होती है और यह 30 जनवरी तक रहती है।इस दौरान रात का तापमान कई बार -7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, दिन का तापमान भी कई बार 7 डिग्री से ऊपर नहीं जा पाता।पहाड़ों पर जमी बर्फ और कमजोर धूप के कारण घाटी में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इसका प्रभाव उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी महसूस हो सकता है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।