जिला निर्वाचन अधिकारी ने मिनी सचिवालय में जिला परिषद सदस्य नामांकन प्रक्रिया का लिया जायजा
अलवर, 8 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती आर्तिका शुक्ला ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत मिनी सचिवालय में शुरू हुई जिला परिषद सदस्य पद की नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांकन कक्षों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
13 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती आर्तिका शुक्ला ने संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि 13 अक्टूबर तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों के बारे में स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें फॉर्म भरने और जमा कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद सदस्य पद के लिए अभ्यर्थी 13 अक्टूबर तक प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर, नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि अंतिम समय की भीड़ और दस्तावेजों की कमी से होने वाली परेशानी से बचने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें तथा नामांकन पत्र के प्रत्येक कॉलम को सावधानीपूर्वक भरकर समय रहते जमा कराएं।
जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन स्थल
पंचायत समिति मालाखेड़ा एवं उमरैण के जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के वार्ड क्रमांक 1 से 9 तक के नाम निर्देशन पत्र मिनी सचिवालय के भूतल स्थित कक्ष संख्या 32 में लिए जाएंगे।इसी प्रकार पंचायत समिति थानागाजी, रामगढ़ एवं राजगढ़ के वार्ड क्रमांक 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 35, 36 एवं 37 के नाम निर्देशन पत्र कक्ष संख्या 17 में लिए जाएंगे।पंचायत समिति रैणी, लक्ष्मणगढ़ एवं मुबारिकपुर के वार्ड क्रमांक 18 से 25 तथा 38 एवं 39 के नाम निर्देशन पत्र कक्ष संख्या 66 में लिए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति कठूमर, खेडली-सौंखर एवं गोविन्दगढ़ के वार्ड क्रमांक 26 से 34 तक के नाम निर्देशन पत्र कक्ष संख्या 83 में लिए जाएंगे।
अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन कक्षों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों और नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य नामांकन दाखिल करने के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचना है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रथम योगेश डागुर, राजस्व अपील अधिकारी श्रीमती संजू शर्मा, विशेषाधिकारी निर्वाचन एवं आईएएस श्रीमती आदिति वार्ष्णेय सहित संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।