राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देगी पुलिस, 36,765 सरकारी स्कूलों में चलेगा कार्यक्रम
राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग ने नई पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच एमओयू हुआ। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 सरकारी स्कूलों में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होगा।

मुख्य बातें
- राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा सिखाएगी पुलिस
- 36,765 सरकारी स्कूलों में चलेगा रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण कार्यक्रम
- राजस्थान की छात्राओं को मिलेंगे आत्मरक्षा के गुर, पुलिस-शिक्षा विभाग में एमओयू
JAIPUR,23 NOV. 2026:
कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 12वीं तक पढ़ने वाली छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना है।प्रशिक्षण के जरिए छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित की जाएगी। ताकि वे घर, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक रह सकें।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में हुआ एमओयू
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा मौजूद रहे। राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने समझौते पर दस्तखत किए।डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए।डॉ. रश्मि शर्मा ने इसे बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में साझा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्कूलों में सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण विकसित करने में मदद मिलेगी।
11,701 स्कूलों के शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
एडीजी लता मनोज कुमार के अनुसार, कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।इसके लिए प्रत्येक विद्यालय से एक पीईटी या सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी या सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षित करेंगे।प्रशिक्षित महिला शिक्षक अपने स्कूल की कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीक सिखाएंगी।कार्यक्रम के तहत कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे। हर बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह एमओयू आगामी तीन साल तक प्रभावी रहेगा।
हेल्पलाइन और बाल अधिकारों की भी मिलेगी जानकारी
आत्मरक्षा प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग के बारे में बताया जाएगा।इसके अलावा प्रशिक्षण में कई महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे।
- आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकें
- आपातकालीन सहायता सेवाएं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
- शारीरिक स्वास्थ्य और पोषण
- जेंडर संवेदनशीलता
- सुरक्षा और बाल अधिकार
कार्यक्रम में डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, डीआईजी दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





