STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकसोमवार, 23 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

झुंझुनूं : बेटी के ससुराल में समझाइश करने पहुंचे रिटायर्ड सूबेदार की हत्या, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान 66 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार सुरेश कुमार की जान चली गई। आरोप है कि बेटी के ससुराल में समझाइश करने पहुंचे सुरेश कुमार पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और कस्सी से हमला किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटी के ससुराल समझाइश करने पहुंचे रिटायर्ड सूबेदार की हत्या
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • बेटी के ससुराल समझाइश करने पहुंचे रिटायर्ड सूबेदार की हत्या
  • झुंझुनूं में खूनी विवाद, 66 वर्षीय पूर्व सूबेदार की मौत
  • कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला, अस्पताल में तोड़ा दम

JHUNJHUNU,23 NOV. 2026:

बेटी के वैवाहिक विवाद को सुलझाने पहुंचे थे

घटना सूरजगढ़ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी रिटायर्ड सूबेदार सुरेश कुमार 22 नवंबर को अपनी बेटी मोनू से मिलने चिड़ावा आए थे।इसके बाद वह अपने नाती विज्ञान और भतीजे अर्जुन के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। बताया जा रहा है कि मोनू की शादी वर्ष 2012 में हुई थी।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए सुरेश कुमार दोनों पक्षों के बीच समझाइश करने पहुंचे थे।

मुख्य द्वार पर पहुंचते ही हमला करने का आरोप

आरोप है कि सुरेश कुमार जैसे ही बेटी के ससुराल के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।हमले में लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और कस्सी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। सिर में गंभीर चोट लगने से सुरेश कुमार की हालत बिगड़ गई।घायल अवस्था में उन्हें पहले चिड़ावा अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

STV वीडियो · YouTube पर देखें

बेटी के ससुर, पति और देवर पर हत्या का आरोप

मृतक के बेटे अमित कुमार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बेटी के ससुर मंदरूप, पति होशियार सिंह और देवर जसवीर पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन भी किया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।फिलहाल सूरजगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस का पक्ष

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।