STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 24 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

पंचायत चुनाव में हार के बाद किरोड़ी के बयान से गरमाई सियासत,नेतृत्व परिवर्तन के संकेत देकर शाम को लिया यू-टर्न

जयपुर।* राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिला परिषद और पंचायत समितियों में पार्टी के प्रदर्शन के बाद जहां संगठन से लेकर सत्ता तक सवाल उठने लगे हैं, वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के एक बयान ने सियासी हलचल और तेज कर दी। सुबह उनके बयान से प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें शुरू हुईं, लेकिन शाम होते-होते मीणा ने सफाई देकर इन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की।

डॉ. किरोड़ीलाल मीणा
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • किरोड़ी के बयान से राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा, शाम को बदले सुर
  • सुबह हरियाणा मॉडल का जिक्र, शाम को भजनलाल के समर्थन में आए किरोड़ी
  • पंचायत चुनाव में हार के बाद बीजेपी में हलचल, किरोड़ी ने दी सफाई

JAIPUR,24 NOV. 2026:

दरअसल, कांग्रेस के इस दावे पर कि पंचायत चुनाव के नतीजे 2028 के विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट हैं, किरोड़ी लाल मीणा ने हरियाणा का उदाहरण दे दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया और इसके बाद बीजेपी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। उनके इस बयान को राजस्थान में भी नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत से जोड़कर देखा जाने लगा। ऐसे समय में जब पंचायत चुनाव में बीजेपी की हार के बाद संगठन और सरकार के प्रदर्शन पर सवाल खड़े हो रहे हैं, मीणा की इस टिप्पणी ने राजनीतिक चर्चाओं को नया मुद्दा दे दिया।

बयान पर बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच डॉ. किरोड़ी लाल मीणा बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री से मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पंचायत चुनाव में पार्टी की हार स्वीकार करते हुए कांग्रेस के उस दावे को खारिज किया कि ये नतीजे 2028 के विधानसभा चुनाव का संकेत हैं।

इसके बाद शाम को उन्होंने अपने बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है और बीजेपी अगला विधानसभा चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी उनके नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

यानी सुबह हरियाणा मॉडल का जिक्र कर नेतृत्व परिवर्तन की बहस को हवा देने वाले किरोड़ी शाम तक भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर भरोसा जताते नजर आए। लेकिन पंचायत चुनाव में हार के बाद उनके बयान ने बीजेपी के भीतर सत्ता और संगठन को लेकर चल रही चर्चाओं को एक बार फिर सतह पर ला दिया है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।