शादी के 6 महीने बाद नवविवाहिता ने उठाया आत्मघाती कदम, अलवर में मातम
अलवर शहर की श्रीराम कॉलोनी में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शादी को अभी महज छह महीने ही हुए थे और युवती कुछ दिनों के लिए अपने पीहर आई हुई थी। रविवार को उसे ससुराल लौटना था, लेकिन उससे पहले ही उसने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीहर में हुई घटना, अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गीतांजलि उर्फ अंजली मीणा पत्नी देवेंद्र मीणा के रूप में हुई है। अंजली इन दिनों अलवर स्थित अपने पीहर श्रीराम कॉलोनी में रह रही थी। बुधवार को उसने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
छह महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार अंजली की शादी पिछले वर्ष 30 नवंबर को देवेंद्र मीणा के साथ हुई थी। देवेंद्र वर्तमान में गुजरात के वडोदरा में बैंक ऑफ बड़ौदा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। उनका मूल निवास रैणी क्षेत्र के जामडोली गांव में है, जबकि परिवार फिलहाल बांदीकुई में रह रहा है। शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे और किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी सामने नहीं आई थी।
परिवार ने बताया सब कुछ था सामान्य
मृतका के चचेरे भाई धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि अंजली जब भी पीहर आती थी, सभी के साथ सामान्य व्यवहार करती थी और परिवार में किसी प्रकार की परेशानी नजर नहीं आती थी। वह कुछ दिनों के लिए अलवर आई हुई थी और रविवार को वापस ससुराल जाने की तैयारी थी। परिवार का कहना है कि घटना से पहले किसी प्रकार के तनाव या विवाद की जानकारी नहीं मिली, जिससे सभी लोग हैरान हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।