#क्राइम #राज्य-शहर

कठूमर में खनन माफिया बेलगाम: वन विभाग टीम पर हमला, वनरक्षक से लूटकर आरोपी फरार

अलवर जिले के कठूमर उपखंड क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले खतरनाक स्तर तक बढ़ गए हैं। सहाड़ी गांव में अवैध खनन पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने वनरक्षक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, सरकारी पहचान पत्र और नकदी लूट ली तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

क्षेत्रीय वन अधिकारी रवि सिंह भाटी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम अवैध पत्थर परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पहुंची थी। टीम को देखते ही चालक श्याम गुर्जर वाहन को तेज गति से भगा ले गया, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। इसी बीच चालक ने अपने साथियों को बुला लिया।

कुछ ही देर में सतवीर गुर्जर सहित 4-5 लोग मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम को घेरकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान वनरक्षक रामवीर सिंह के साथ धक्का-मुक्की की गई और उसका मोबाइल, आई-कार्ड व नकदी छीन ली गई। आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। वन विभाग के अनुसार सहाड़ी गांव अवैध खनन के लिए संवेदनशील क्षेत्र बन चुका है, जहां सक्रिय गिरोह आपसी सूचना नेटवर्क के जरिए कार्रवाई टीमों को निशाना बनाते हैं। आरोपियों के पास अवैध हथियार होने और कथित संरक्षण के चलते वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

वहीं, धोलागढ़ थाना पुलिस ने सरकारी कर्मचारी पर हमला, लूटपाट और राजस्थान वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रामजीलाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, हालांकि फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *